अध्यक्ष और प्रमुख पदों के लिए जल्द शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया

उत्तराखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य चुन लिए गए हैं। अब पंचायत चुनाव के अगले चरण में जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लॉक प्रमुख के पदों के लिए चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग इस दिशा में तेजी से काम कर रहा है।

पंचायती राज विभाग ने जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के आरक्षण की अनंतिम सूची जारी कर दी है। 6 अगस्त को आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके तुरंत बाद आरक्षण प्रस्ताव राज्य निर्वाचन आयोग को सौंपा जाएगा, जिसके आधार पर चुनावी अधिसूचना जारी होगी।

ये भी पढ़ें:  उत्तरकाशी के मोरी तहसील के ग्राम पवाणी में अग्निकांड की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा दुःख, प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का दिया भरोसा

राज्य के 12 जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष पदों पर चुनाव होंगे। इसके साथ ही 89 ब्लॉक प्रमुख पदों पर भी चुनाव कराए जाएंगे। ब्लॉक प्रमुख पदों के लिए आरक्षण पहले ही तय किया जा चुका है। इसमें 36 सीटें अनारक्षित, 28 सामान्य महिला, 12 अनुसूचित जाति महिला, 5 ओबीसी महिला, 4 अनुसूचित जाति, 3 अनुसूचित जनजाति महिला और 1 ओबीसी के लिए आरक्षित की गई हैं।

ये भी पढ़ें:  एसएसपी दून की सख्ती से नशा तस्करों पर नकेल कसती दून पुलिस

राज्य सरकार का प्रयास है कि 15 अगस्त से पहले इन पदों के लिए चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाए। 1 अगस्त को मतगणना पूरी होते ही आचार संहिता समाप्त हो गई और उसी दिन शाम को जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए अनंतिम आरक्षण सूची भी जारी कर दी गई।

जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए जारी अनंतिम सूची में आरक्षण इस प्रकार है:

  • महिला आरक्षित: अल्मोड़ा, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल
  • अनुसूचित जाति महिला: बागेश्वर
  • अनुसूचित जाति: पिथौरागढ़
  • ओबीसी: उधमसिंह नगर
  • अनारक्षित (सामान्य): चंपावत, चमोली, नैनीताल, उत्तरकाशी
ये भी पढ़ें:  चम्पावत को 165.68 करोड़ की 54 विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

संभावना है कि 6 अगस्त के बाद चुनावी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी और आचार संहिता फिर से लागू हो जाएगी। निर्वाचन आयोग के अनुसार, अध्यक्ष और प्रमुख पदों के लिए चुनाव प्रक्रिया लगभग एक सप्ताह में पूरी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *