टीएचडीसी टनल में रेस्क्यू अभियान तेज, हर संभावित स्थान पर बारीकी से खोजबीन, पंपों से पानी निकालने, मलबा हटाने और टनल में फंसी मशीनों को बाहर निकालने का कार्य युद्धस्तर पर जारी

  • हर चुनौती को पार कर आगे बढ़ रहा रेस्क्यू अभियान, लापता दो लोगों की तलाश जारी

चमोली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद लापता दो लोगों की तलाश के लिए जिला प्रशासन की ओर से रविवार को रेस्क्यू अभियान को और तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं चल रहे खोज एवं बचाव अभियान की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं तथा रेस्क्यू में जुटी सभी टीमों से समन्वय करते हुए उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

लापता दोनों लोगों की तलाश के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस एवं जिला प्रशासन की टीमें युद्धस्तर पर सघन सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। टनल के भीतर पानी के स्तर को कम करने के लिए पंपों के माध्यम से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। पानी की निकासी से टनल के भीतर रेस्क्यू टीमों के आगे बढ़ने और प्रभावित हिस्सों में गहन खोजबीन करने के लिए रास्ता सुगम बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेक प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

रेस्क्यू अभियान के दौरान टनल के भीतर फंसी मशीनों एवं अन्य भारी अवरोधों को हटाने का कार्य भी प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। आधुनिक उपकरणों एवं उपलब्ध तकनीकी संसाधनों की मदद से फंसी मशीनों को बाहर निकालने का प्रयास तेजी से जारी है, ताकि रेस्क्यू टीमों के लिए टनल के अंदर आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो सके। मलबे और प्रभावित हिस्सों को व्यवस्थित तरीके से हटाते हुए संभावित सभी स्थानों पर बारीकी से खोजबीन की जा रही है।

ये भी पढ़ें:  उत्तराखंड में पहली बार पेश हुई Alma Harmony तकनीक; देहरादून के Skin Station Clinic ने ClearSkin Pro के साथ की शुरुआत

रेस्क्यू टीमों द्वारा टनल के भीतर प्रत्येक संभावित स्थान को चिन्हित कर सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मलबे के बीच छोटी से छोटी जगह और ऐसे सभी हिस्सों की भी गहन जांच की जा रही है, जहां लापता लोगों के होने की संभावना हो सकती है। अभियान में किसी भी संभावित स्थान को छोड़ा नहीं जा रहा है तथा उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग करते हुए टीमों द्वारा लगातार आगे बढ़कर खोजबीन की जा रही है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में हादसे की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच के माध्यम से हादसे के कारणों एवं परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें:  मेधावी अल्पसंख्यक बालिकाओं को मिलेगी 25 हजार तक की प्रोत्साहन राशि, प्राप्त 416 आवेदनों के सत्यापन को डीएम ने तय की 10 दिन की समयसीमा

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद टनल से अब तक कुल 20 लोगों को बाहर निकाला गया है। इनमें 12 श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालकर जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जबकि 8 लोगों की दुखद मृत्यु हुई है। वहीं, टनल में फंसे दो शेष लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *