78 वृद्ध महिलाओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, दवाइयां और सहायक उपकरण वितरित

वृद्ध महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, उनकी दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने तथा सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, देहरादून की ओर से मदर टेरेसा स्नेह सदन में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं आधार शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 78 वृद्ध महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। साथ ही, उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाने के लिए सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।

मा0 उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के दिशा-निर्देशों तथा अध्यक्ष/जिला जज हरीश कुमार गोयल के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा दुर्गाकोटी ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वृद्ध महिलाओं से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

ये भी पढ़ें:  मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने शासकीय कार्यों में एआई के अधिकाधिक प्रयोग करने के दिये निर्देश

शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वृद्ध महिलाओं का सामान्य स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य, हड्डियों, नेत्रों एवं दांतों से संबंधित परीक्षण किया। जांच के उपरांत आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। परीक्षण के दौरान जिन महिलाओं में मोतियाबिंद की समस्या पाई गई, उनके उपचार एवं निःशुल्क शल्य चिकित्सा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल प्रबंधन की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया गया।

ये भी पढ़ें:  सिलक्यारा के 41 श्रमिकों को याद कर भावुक हुए धामी, आपदा प्रबंधन पर किए चार बड़े ऐलान

वृद्ध महिलाओं की दैनिक जरूरतों और बेहतर स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से व्हीलचेयर, छड़ियां, बेडशीट, मेडिकल किट एवं इनकॉन्टिनेंस ब्रीफ किट भेंट की गईं। इस दौरान महिलाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित प्राविधिक कार्यकर्ताओं को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

शिविर के अंतर्गत आधार केंद्र के माध्यम से 15 महिलाओं की आधार केवाईसी अद्यतन की गई, जिससे उन्हें आधार संबंधी समस्याओं से राहत मिलने के साथ ही विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।

ये भी पढ़ें:  2018 बैच के IPS अधिकारी अजय गणपति ने संभाली SDRF की कमान, आपदा में त्वरित कार्रवाई, रेस्क्यू टीम की सुरक्षा और बल की दक्षता बढ़ाना सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता, उनके कानूनी अधिकारों तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 के संबंध में भी जानकारी दी। उन्होंने जरूरतमंद महिलाओं को उपलब्ध विधिक सहायता सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में सुभारती अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों एवं प्राविधिक कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इस संवेदनशील पहल के सफल आयोजन में सहयोग के लिए सुभारती अस्पताल के चिकित्सकों एवं समस्त सहयोगी कर्मियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *